दरभंगा पुलिस केंद्र में रैतिक परेड का आयोजन, एसएसपी ने किया निरीक्षण
दरभंगा: पुलिस केंद्र, लहेरियासराय में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक रक्षित सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रैतिक परेड के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस, अनुशासन और एकरूपता बनाए रखना रहा।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, वर्दी एवं टर्नआउट, अनुशासन और टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण किया गया। दौड़ एवं ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, दरभंगा पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षुओं के मानसिक, शारीरिक एवं आत्मविकास के लिए योग प्रशिक्षण भी कराया जा रहा है।
इसके अलावा वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, बैरक की साफ-सफाई तथा पुलिस वाहनों का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह के नियमित निरीक्षण और परेड से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, टीम भावना, कार्यक्षमता और शारीरिक-मानसिक सुदृढ़ता को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है।