विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने बुद्धिजीवी वर्ग अपनी भूमिका निभायें-राजेन्द्र शुक्ल
जिला अधिवक्ता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को उप मुख्यमंत्री ने दिलाई शपथ
----
सतना 05 नवम्बर 2026/उप मुख्यमंत्री श्री Rajendra Shukla ने कहा कि भारत देश विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है और आज हम ऐसे दौर में है जब हमारा देश विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। देश को दिशा देने में बुद्धिजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में बुद्धिजीवी वर्ग अपनी महती भूमिका निभाये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल गुरूवार को #सतना में जिला अधिवक्ता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सतना सांसद श्री Ganesh Singh ने की। इस मौके पर महापौर श्री Yogesh Kumar Tamrakar, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री सुनील शर्मा, एडवोकेट श्री रामानुज सेन, श्री कृष्ण कुमार पयासी, वर्षा शर्मा, श्री आशीष शर्मा, श्री बालेन्द्र गौतम, श्री मनीष तिवारी, श्री रवीन्द्र सिंह सेठी सहित बडी संख्या में एडवोकेट गण उपस्थित थे।
जिला अधिवक्ता संघ के सभागार में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी वर्ग में सबसे पहले नाम एडवोकेट का ही आता है। इस नाते देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सबसे बडी जिम्मेदारी भी बुद्धिजीवी वर्ग पर है। आज के समय में दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिसियल इन्टेलीजेंस का टूल्स हम सब के सामने है। उन्होंने कहा कि दुनिया में वहीं देश शांति की स्थापना कर सकता है जो पूरे विश्व को अपना परिवार मानता है और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ आगे बढता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मानवता के कल्याण के लिए विकसित भारत 2047 के मिशन के महायज्ञ में बुद्धिजीवी वर्ग सहित हर नागरिक अपनी भूमिका का निर्वहन करे।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि हमारी सरकार काम करने वाली सरकार है। सतना के विकास की चर्चा में श्री शुक्ल ने कहा कि सतना स्मार्ट सिटी के कार्य, फोरलेन सतना बायपास, मैहर-सतना-चित्रकूट तक 2500 करोड से आगामी समय में बनने वाली आलीशान सडक, बरगी नहर से सतना आने वाला नर्मदा मइया का जल, देवेन्द्रनगर से चुरहट तक नई रेललाइन और ट्रेन विकास के माइल स्टोन है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ललितपुर से सिंगरौली रेल लाइन समूचे विंध्य और बुन्देलखण्ड की जीवन रेखा साबित होगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सतना के नवीन जिला न्यायालय भवन के निर्माण के प्रस्ताव पर शासन स्तर से शीघ्र कार्यवाही शुरू की जायेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि लोगों को जल्दी न्याय मिले, इसके लिए न्यायपालिका की व्यवस्था को भी अपडेट किया गया है। आजादी के 8 दशक के बाद देश उस मुकाम पर पहुंचा है। जब देश में लगभग 850 फास्ट ट्रैक अदालतें बनाई जा रही है। लोगों को शीघ्र न्याय दिलाने रिक्तियां भरी जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनते ही देश के गैर उपयोगी हजारो कानून निरस्त किये गये है। जिससे न्यायालयों और पुलिस का श्रम और समय बचा है। सांसद ने कहा कि आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव हो रहे है। ऐसे दौर में समाज में विकृतियां नहीं पैदा हो, गरीबों को समय पर त्वरित न्याय मिले, संवेदनशीलता बढे, इस दिशा में प्रयास करने की जरूरत है।
महापौर श्री योगेश ताम्रकार ने कहा कि जिला न्यायालय परिसर में नगर निगम द्वारा जन सुविधाओं के कार्यो का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला न्यायालय भवन के लिए 71 करोड रूपये की लागत का प्रस्ताव है। सिविल लाइन क्षेत्र में लगभग 9 एकड जमीन भी उपलब्ध है। उन्होंने रीवा के जिला न्यायालय भवन की तरह व्यवस्थित और भव्य न्यायालय भवन सतना में भी बनाने की अपेक्षा की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर किया गया। कार्यक्रम के पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री गणेश सिंह तथा महापौर श्री योगेश ताम्रकार ने जिला अधिवक्ता संघ के कार्यालय भवन के उपरी तल पर जूनियर एडवोकेट प्रशिक्षण केन्द्र का फीता काटकर शुभारंभ किया।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP
4 views | Satna, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026