जिला अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी, पीड़ित ने सिटी कोतवाली में दिया आवेदन
छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर में वाहन चोरी की एक घटना सामने आई है। राजनगर तहसील के ग्राम तालगांव निवासी धर्मेंद्र पटेल ने सिटी कोतवाली छतरपुर में आवेदन देकर अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पटेल (22 वर्ष), पिता कीरत पटेल, निवासी ग्राम तालगांव, पोस्ट ललपुर, तहसील राजनगर, जिला छतरपुर, 10 जुलाई 2026 को जिला अस्पताल दवा लेने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक MP 16 MQ 7076 को अस्पताल की पार्किंग में खड़ा किया और इलाज कराने चले गए।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह दवा लेकर वापस लौटे तो पार्किंग में उनकी मोटरसाइकिल नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में मौजूद पुलिस चौकी को सूचना दी। चौकी पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन काफी देर तक तलाश के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 1:50 बजे की है। वाहन नहीं मिलने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत देकर बाइक की तलाश और अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जिला अस्पताल परिसर से वाहन चोरी की घटना ने पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।