बाजपुर न्यूज
थार-स्कॉर्पियो से हाईवे पर हुड़दंग पड़ा भारी, काशीपुर पुलिस ने सभी वाहन चालकों पर की चालानी कार्रवाई
काशीपुर। जसपुर-काशीपुर हाईवे पर थार और स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवकों पर काशीपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर सभी को कोतवाली बुलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहनों को कब्जे में लिया गया। वाहन चालकों से भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने का लिखित माफीनामा लिया गया। इसके बाद सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में हाईवे पर स्टंट, रेसिंग, झुंड बनाकर वाहन चलाने अथवा किसी भी प्रकार से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। काशीपुर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।