5 साल से सड़क का इंतजार, बरसात में जलभराव से बच्चों का स्कूल जाना हुआ मुश्किल, ग्रामीणों ने सरपंच पर लगाए विकास कार्य न कराने के आरोप
मुरैना। जिले की जौरा तहसील अंतर्गत बागचीनी पंचायत के रामसिंह का पुरा गांव में सड़क न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में रास्ते पर पानी भर जाने के कारण हालात और भी बदतर हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चे तक पढ़ाई के लिए घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी इसी पानी भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच पर आरोप लगाया है कि पिछले 5 वर्षों में गांव में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया। उनका कहना है कि सड़क निर्माण की मांग कई बार उठाई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के मुख्य मार्ग का जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों और स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
Gwalior Gird, Gwalior | Aug 2, 2026