मुरैना। 15 जुलाई से 30 जुलाई तक मुरैना पुलिस द्वारा "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान चलाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। लेकिन अभियान समाप्त होने के बाद भी शहर में अवैध शराब की बिक्री रुकती नजर नहीं आ रही है।
ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां जौरा रोड स्थित मानस हॉस्पिटल के पास, ड्रीम वैली पब्लिक स्कूल के ठीक सामने एक दुकान पर खुलेआम अवैध देशी शराब बेचे जाने का आरोप है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी दुकान पर सिविल लाइन थाना पुलिस पहले भी दो बार छापेमारी कर अवैध शराब जब्त कर चुकी है। इसके बावजूद उसी स्थान पर तीसरी बार फिर से अवैध शराब की बिक्री शुरू हो गई है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सिविल लाइन थाना पुलिस को इस गतिविधि की जानकारी नहीं है, या फिर कार्रवाई के बाद भी अवैध कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दोबारा उसी स्थान पर कारोबार शुरू कर देते हैं?