पिछोर में जनकल्याण शिविर का सफल समापन, 5000 से ज्यादा आवेदनों का निपटारा
शिवपुरी- पिछोर में 16 से 18 जून तक आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का गुरुवार को सफल समापन हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 5858 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5000 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
इस दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया। 22 हितग्राहियों को वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन के स्वीकृति पत्र सौंपे गए। आजीविका मिशन के तहत अहिल्या स्वसहायता समूह कोटरा को 6 लाख, अवंती बाई समूह उमरीकला को 3 लाख और बजरंग समूह छिरबाहा को 1.50 लाख की सहायता राशि दी गई। 18 नागरिकों को मौके पर जाति प्रमाण-पत्र मिले, वहीं संबल योजना के 5 हितग्राहियों को 2-2 लाख की सहायता स्वीकृत हुई। दिव्यांग खलका आदिवासी को ट्राइसाइकिल देकर लाभान्वित किया गया।
शिविर में चित्रकला और कुकिंग प्रतियोगिता भी हुई। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और योग जैसे विषयों पर चित्र बनाए। कुकिंग प्रतियोगिता में 30 SHG समूहों की महिलाओं ने भाग लिया, जिसमें निशा गुप्ता प्रथम, राजकुमारी परिहार द्वितीय और रानी पाराशर तृतीय रहीं। विजेताओं को 5, 3 और 2 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। छात्रों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया।
SDM ममता शाक्य ने शिविर की उपलब्धियां बताईं, वहीं CEO एन.एस. नरवरिया ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हितग्राही मौजूद रहे।
#ShivpuriNews #Pichor #JanKalyanShivir #PritamSinghLodhi #MPGovt #SarkariYojana #Shivpuri #MPNews #BreakingNews #VikasYatra