चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का भव्य आगाज, राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया शुभारंभ
चंबा टुडे चैनल
चंबा। देवभूमि चंबा का ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मिंजर मेला-2026 रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के बीच विधिवत शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में स्थानीय लोग, और गणमान्य व्यक्ति मौजूद
शुभारंभ समारोह के दौरान राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने प्रदेशवासियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को मिंजर मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिंजर मेला हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से इस ऐतिहासिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने और प्रदेश की संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और चौगान मैदान पूरी तरह उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
सप्ताहभर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक संध्याओं, पारंपरिक शोभायात्राओं, खेल प्रतियोगिताओं, प्रदर्शनी, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मेले में प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जबकि बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की भी उम्मीद है।
चंबा की पहचान बन चुके इस ऐतिहासिक मेले को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। प्रशासन ने मेले के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। मिंजर मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि चंबा की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन को नई पहचान देने वाला सबसे बड़ा वार्षिक उत्सव भी माना जाता है।
Chamba, Chamba | Jul 26, 2026