पति की मौत के बाद उजड़ी दुनिया, पांच मासूम बच्चों के साथ जीवन काट रही माँ की मदद को बढ़े हाथ
हरदोई। हरियावां विकासखंड क्षेत्र की एक विधवा महिला ने पति की मौत के बाद परिवार पर आए संकट को लेकर जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है। ग्राम पंचायत पिपरी-नेवादा निवासी पूनम सिंह ने प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन माह पहले बीमारी से पति सुधीर कुमार सिंह का निधन हो गया। तब से चार बेटियों और एक सात वर्षीय बेटे का पालन-पोषण करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है।
अब महिला की मदद को लोग आगे आ रहे हैं। शहर के मोहल्ला राधा नगर निवासी ब्रजकिशोर त्रिपाठी अपनी पत्नी के साथ महिला के घर पहुंचे और कपड़े, खाने की सामग्री के साथ नकद राशि दी। उन्होंने कहा कि वह लगातार जरूरतमंदों की मदद करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।
Hardoi, Hardoi | Jul 27, 2026