प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
17 नवंबर 2026
शीर्षक: जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में ‘संकल्प संध्या’ का किया गया शुभारंभ। विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, निरंतरता एवं नियमित अभ्यास के साथ लक्ष्य प्राप्ति हेतु किया प्रेरित।
जमुई: जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने, उनकी विषयगत समझ को मजबूत करने तथा परीक्षा की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की पहल पर जिले में ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
पीएमश्री +2 उच्च विद्यालय, जमुई में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा इस पहल की का आज शुभारंभ किया गया। इसके तहत जिले के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 17 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रतिदिन संध्या 5:00 बजे से 7:30 बजे तक विशेष रेमेडियल कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है, जिन्हें विद्यालय अवधि के बाद घर पर पढ़ाई, होमवर्क एवं परीक्षा की तैयारी में अपेक्षित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता है। ‘संकल्प संध्या’ के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषयवार मार्गदर्शन और अपनी शैक्षणिक कठिनाइयों के समाधान का अवसर मिलेगा।
इसमहत्वपूर्ण पहल की विशेषता यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क होगा। विद्यार्थियों को अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे महत्वपूर्ण विषयों में विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड एवं डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की इस अभिनव एवं दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘संकल्प संध्या’ विद्यार्थियों को विद्यालय के नियमित पठन-पाठन के अतिरिक्त अपनी शैक्षणिक कमजोरियों को दूर करने, विषयों को बेहतर ढंग से समझने और अपनी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए केवल संसाधन और मार्गदर्शन ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों की निरंतरता, अनुशासन और नियमित अभ्यास भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहें, मन लगाकर पढ़ाई करें, अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं को शिक्षकों के समक्ष रखें तथा निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी शैक्षणिक क्षमता को बेहतर बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण और प्रशासन के सहयोग से यह पहल जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करेगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि ‘संकल्प संध्या’ केवल अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को निखारने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने की एक सार्थक पहल है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा और आगे बढ़ने की राह में बाधा न बनें।उन्होंने जिले के सेवानिवृत्त प्रशासनिक एवं शिक्षा सेवा के पदाधिकारियों, सहित अन्य पदाधिकारियों तथा अन्य अनुभवी शिक्षकों से भी इस अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने की अपील की।
संकल्प संध्या’ के शुभारंभ के अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ( स्थापना शिक्षा विभाग) और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित इस विद्यालय के सभी शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Jamui, Bihar | Nov 17, 2026