सेक्रेड हार्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड परीक्षाओं के द्वितीय लेवल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे कोडरमा जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। एसओएफ इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में कक्षा तृतीय की छात्रा आराध्या कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 9314 एवं जोनल रैंक 220 प्राप्त की। कक्षा चतुर्थ के छात्र दिव्यांक श्रेष्ठ ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 14390 तथा जोनल रैंक 316 हासिल की। कक्षा पंचम के छात्र आयुष कुमार ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 7011 एवं जोनल रैंक 89 प्राप्त कर अपनी गणितीय प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं कक्षा नवम के छात्र प्रिंस कुमार ने राष्ट्रीय रैंक 3728 एवं जोनल रैंक 60 प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में कक्षा चतुर्थ की छात्रा काव्या पांडेय ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 33 तथा जोनल रैंक 26 प्राप्त कर हिंदी भाषा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया। इसी प्रकार नेशनल साइंस ओलंपियाड (NSO) में कक्षा सप्तम के छात्र अर्नव राज ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 8525 एवं जोनल रैंक 200 प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा।
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने कहा कि ओलंपियाड परीक्षाएँ विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करती हैं। हमारे विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि सेक्रेड हार्ट स्कूल सदैव विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता रहा है, जिससे वे वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उप प्राचार्य प्रवीण कुमार, कोऑर्डिनेटर अमृत झा, शगुफ्ता परवीन, अलका सिंह, चन्दन पांडेय, अभिलाषा सिंह, आशुतोष गौतम, विशाल आनंद, मनोज पाण्डेय, किशोर कुणाल, संयुक्ता बिद, सतीश कुमार, कुंतल जेठवा, सोमा पाल आदि शिक्षकों के साथ साथ समस्त विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा इसे सेक्रेड हार्ट स्कूल की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का प्रतीक बताया।