*वकील के सूने घर से 37 लाख रुपए चोरी, सीसीटीवी में दिखे दो बदमाश*
*शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच*
सतना। कोलगवां थाना इलाके के सोनौरा में एक सूने घर से 37 लाख रुपए चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घर पर लगे सीसीटीवी में दो नकाबपोश बदमाश घर के पीछे की तरफ से घुसते दिखाई दे रहे है। घटना 2 जुलाई की है। जिसकी शिकायत 5 जुलाई की शाम थाने में की गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट जबलपुर में वकील रजनीश शर्मा के डीपीएस स्कूल के पास सोनौरा स्थित घर पर 2-3 जुलाई की दरमियानी रात लगभग 1.50 बजे अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। रजनीश के पिता शंकरदीन शर्मा पास के दूसरे घर पर थे। बदमाशों ने घर में बने ऑफिस की तिजोरी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 37 लाख रुपए पार कर दिए। इतना ही नहीं दूसरे कमरे की आलमारी की तिजोरी से भी बदमाशों ने सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। रजनीश ने बताया कि 37 लाख रुपए जमीन के एक सौदे में किसी को देने के लिए रखे थे।
*पीछे की तार फेंसिंग काट कर दाखिल हुए*
रजनीश के पिता रविवार को जब घर के पीछे की तार फेंसिंग कटी देखे तो उन्हें शंका हुई। पानी की टंकी के पास से किसी के छत पर चढ़ने के निशान भी दिखाई दिए। छत का दरवाजा भी खुला दिखा तो उन्होंने रजनीश को फोन पर सूचना दी। देर शाम रजनीश जबलपुर से घर पहुंचे तो देखा घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और उनके ऑफिस की तिजोरी खुली थी। घर में लगे 7 सीसीटीवी कैमरे भी गायब थे। उन्होंने डीवीआर में रिकॉर्डिंग देखी तो उसमें बदमाश घर के अंदर घुसते नजर आए। रजनीश ने फौरन थाने जा कर घटना की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिए। रजनीश ने सीसीटीवी के आधार पर दो लोगों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप भी लगाया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।