पुरुषोत्तम मास में मारवाड़ी युवा मंच की सेवा पहल, खीरा व शरबत वितरण कर दिया राहत का संदेश।
देवघर: अधिक ज्येष्ठ (पुरुषोत्तम) मास के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा द्वारा शाखा कार्यालय के बाहर आमजन की सेवा हेतु खीरा एवं शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच लोगों को राहत प्रदान करना तथा सेवा, परोपकार और मानवता के मूल्यों को प्रोत्साहित करना था।
सेवा कार्य के अंतर्गत लगभग 10 किलो खीरा एवं 100 लीटर शरबत का वितरण किया गया। इस दौरान ऑटो चालक, टोटो चालक, मजदूर, यात्री एवं अन्य राहगीरों ने इस सेवा का लाभ लिया। तपती धूप में यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुई और मानव सेवा की भावना को और मजबूत करने वाली रही।
मारवाड़ी युवा मंच सदैव समाज सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देता रहा है। शाखा द्वारा समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य आयोजित कर जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंघल ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे और थके हुए लोगों को शीतल पेय एवं फल उपलब्ध कराना केवल सेवा ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
इसके साथ ही मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा द्वारा आगामी श्रावण मास में प्रतिवर्ष की भांति 36वें भव्य श्रावणी सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों की सेवा हेतु इस शिविर में निःशुल्क पेयजल, शरबत, अल्पाहार, प्राथमिक उपचार, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पूरे श्रावण मास तक सदस्य सेवा, समर्पण और मानवता की भावना के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहेंगे।
शाखा अध्यक्ष साकेत छावछरिया ने सभी सदस्यों एवं समाजबंधुओं से इस सेवा अभियान में सक्रिय सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष साकेत छावछरिया, सचिव सर्वेश कुमार मोदी, आशीष गुटगुटिया, मुकेश अग्रवाल, अर्पित मोदी, ऋषभ अग्रवाल, सत्यम बजला, अनुपम बजला, पीयूष छावछरिया, अंशु बांका एवं प्रत्युष सुल्तानिया की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग रहा।