#बालाघाट
कुपोषण दूर करने के लिए समन्वित प्रयास करें विभागीय अधिकारी : एसडीएम विजय सिंह यादव
कटंगी में महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना स्तरीय अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण समिति की बैठक संपन्न
79 आंगनवाड़ी केंद्रों में बंद नल-जल योजना शीघ्र शुरू कराने के निर्देश, भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पर समूहों को हटाने की चेतावनी
कटंगी में 15 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय सिंह यादव की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना स्तरीय अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं, बच्चों में कुपोषण की स्थिति, पोषण आहार वितरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, भवन एवं शौचालय निर्माण तथा पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। एसडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जनपद पंचायत कटंगी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी गायत्री कुमार सारथी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी पुष्पेंद्र रानाडे, खंड शिक्षा अधिकारी सीएस कुशराम, बीआरसी रविन्द्र हरिनखेड़े, उद्यानिकी विभाग के मृत्युंजय भलावी एवं खंड चिकित्सा अधिकारी विनोद भलावी उपस्थित रहे।
कुपोषित बच्चों की संख्या में आई कमी
बैठक में परियोजना कटंगी में कुपोषण की स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में 283 बच्चे अति गंभीर कुपोषित (SAM) श्रेणी में थे, जिनकी संख्या अक्टूबर में घटकर 228 रह गई है। इसी प्रकार मध्यम गंभीर कुपोषित (MAM) बच्चों की संख्या अगस्त में 1107 थी, जो अक्टूबर में घटकर 962 हो गई है।
एसडीएम श्री यादव ने कुपोषित बच्चों के समुदाय आधारित पोषण प्रबंधन एवं मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी को कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए एमॉक्सिसिलिन दवा की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
आंगनवाड़ी के भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं
परियोजना कटंगी में संचालित 208 आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को गर्म पका भोजन उपलब्ध कराने की समीक्षा की गई। बताया गया कि इनमें से 115 स्व-सहायता समूहों द्वारा प्रतिदिन भोजन प्रदाय किया जा रहा है। एसडीएम ने निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मात्रा एवं मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और ताजा भोजन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सभी खंड स्तरीय अधिकारियों को अपने विभागीय भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों का निरीक्षण करने तथा भोजन की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दिए जाने वाले टेक होम राशन (THR) की गुणवत्ता एवं निर्धारित मात्रा की भी नियमित जांच करने को कहा गया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि भोजन एवं पोषण आहार वितरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्व-सहायता समूह को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
गर्भवती महिलाओं की चारों स्वास्थ्य जांच अनिवार्य
बैठक में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि प्रत्येक गर्भवती महिला की प्रसव पूर्व निर्धारित चारों जांच नियमित रूप से कराई जाएं। साथ ही उन्हें आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सके।
आंगनवाड़ी भवन एवं शौचालय निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
आंगनवाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि परियोजना कटंगी में दो आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण स्वीकृत है। इनमें महकेपार क्रमांक-1 का भवन छत स्तर तक पहुंच गया है, जबकि नगर परिषद कटंगी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-5 का निर्माण कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ है।
इसी प्रकार आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए स्वीकृत 19 बाल सुलभ शौचालयों में से छह का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 13 शौचालयों का निर्माण अधूरा है। इनकी राशि पंचायतों को जारी की जा चुकी है। एसडीएम ने जनपद पंचायत सीईओ एवं संबंधित स्थानीय निकायों को शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा में सामने आया कि परियोजना के 188 केंद्रों में नल-जल योजना प्रारंभ की गई थी, लेकिन वर्तमान में 79 केंद्रों में यह योजना बंद है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के माध्यम से बंद नल-जल योजनाओं को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
पोषण पुनर्वास केंद्र में लक्ष्य से अधिक बच्चों का कराया गया भर्ती
पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) कटंगी में कुपोषित बच्चों के भर्ती कराने की स्थिति की समीक्षा में बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 170 प्रतिशत बच्चों को भर्ती कराया गया है। इस उपलब्धि पर एसडीएम ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में आयरन फॉलिक एसिड की गोलियों तथा शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए आयरन सिरप की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश खंड चिकित्सा अधिकारी को दिए। साथ ही वजन मेले में प्रत्येक बच्चे का वजन अनिवार्य रूप से कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में निर्धारित टीकाकरण दिवस पर टीकाकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में एसडीएम विजय सिंह यादव ने सभी खंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागीय कार्यों के निरीक्षण के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों का भी नियमित भ्रमण करें। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को दूर कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ बच्चों एवं महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mp_wcdmp
#mprevenudeptt
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 15, 2026