मथुरा में शर्मनाक वारदात: मंदिर में 10 साल की मासूम से दरिंदगी, साधु को जूतों की माला पहनाकर घुमाया, पुलिस के किया हवाले
मथुरा के एक मंदिर परिसर में एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले एक 62 वर्षीय साधु पर 10 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म (रेप) करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी साधु को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और उसे जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गाँव में घुमाया। बाद में उसे डायल 112 पुलिस के हवाले कर दिया गया।
माता-पिता के बाहर जाते ही दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची का परिवार मंदिर परिसर में ही रहता है। घटना वाले दिन बच्ची के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर साधु ने मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँच गए।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पहनाई जूते-चप्पलों की माला
मासूम की आपबीती सुनकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी साधु को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने साधु के गले में जूते-चप्पलों की माला टांग दी और उसे गाँव की सड़कों पर घुमाया।
3 साल से मंदिर में रह रहा था आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुँची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। आरोपी साधु की पहचान लक्ष्मीकांत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले का रहने वाला है। वह पिछले 3 सालों से इस मंदिर में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
Hardoi, Hardoi | Aug 4, 2026