“जहाँ आम आदमी का चालान तुरंत कटता है, वहीं बिना नंबर प्लेट के डंपर सड़कों पर बेखौफ!”
Palwal, Palwal | Apr 19, 2026 पलवल में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। एक तरफ पुलिस और प्रशासन बाइक, ऑटो, ईको और कार चालकों के चालान काटने में सख्ती दिखा रहा है, वहीं दूसरी तरफ भारी वाहन—खासकर डंपर—बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। ताजा मामला रसूलपुर चौक का है, जहाँ एक डंपर सर्विस रोड पर खड़ा मिला। हैरानी की बात ये है कि इस डंपर पर ना तो आगे नंबर प्लेट थी और ना ही पीछे। नंबर प्लेट को हटाकर गाड़ी के फ्रंट पर रख दिया गया था। अब सवाल यह उठता है कि क्या ऐसे वाहनों पर कार्रवाई नहीं होगी? क्या ट्रैफिक नियम सिर्फ आम जनता के लिए ही हैं? अगर कोई बाइक या कार बिना नंबर प्लेट के पकड़ी जाती है, तो तुरंत चालान और कार्रवाई होती है, लेकिन इन भारी वाहनों पर प्रशासन की नजर क्यों नहीं पड़ती? स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे डंपर अक्सर बिना किसी डर के सड़कों पर चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। अब देखना होगा कि इस “वीआईपी डंपर” पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाएगा।