✅ अंतिम छोर तक पानी और किसानों को निर्धारित समय पर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश
✅ किसान संगठनों की बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन गांवों में चौपाल लगाने के निर्देश
जिले में किसान संगठनों के साथ आयोजित की जा रही नियमित बैठकों के क्रम में शनिवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नरोत्तम भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और उर्वरक उपलब्धता सहित कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में सीईओ श्री भार्गव ने कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं कृषि विज्ञान केंद्र सहित कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन गांवों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी उपयोगी जानकारी दें तथा उनकी समस्याएं सुनकर निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
✅ सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली और नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने पर जोर
सीईओ ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रबी सिंचाई सीजन में बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जाए। किसानों को निर्धारित समय तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत लाइनों एवं उपकरणों के रखरखाव के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित न हो।
नहरों से सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि टेल एरिया यानी नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके। बैठक में नहरों के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य की प्रगति की जानकारी भी किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को दी गई।
✅ ई-टोकन और उर्वरक उपलब्धता की दी जानकारी
बैठक में उप संचालक कृषि ने ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक बुकिंग की प्रक्रिया तथा जिले में उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
सीईओ ने उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाया जाए। साथ ही परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करते हुए ठोस एवं परिणाममूलक प्रयास किए जाएं।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री पुरुषोत्तम कुमार, भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष श्री महेश शर्मा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा श्री रोहित जाट, राष्ट्रीय किसान मोर्चा प्रांत मंत्री श्री रामनिवास खोरे, श्री अशोक खोरे, श्री रामभरोस मुंडेल, श्री राम इनानिया, श्री सुनील गोल्या, श्री दिनेश लेगा, श्री राजेश गुर्जर, श्री अमित चार, श्री अखिलेश जाट व श्री दिलीप गौर सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026