चंबा में ‘जोश अभियान’ का शुभारंभ, 19 पंचायतों को मिला सम्मान
क्षय रोग उन्मूलन के लिए पंचायतों की जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
चंबा, 8 अक्तूबर।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला चंबा में ‘जोश अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में किया। इस अवसर पर क्षय रोग मुक्त घोषित 19 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत, हिमाचल और चंबा के लक्ष्य को हासिल करने में ग्राम पंचायतों तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सम्मानित पंचायतों को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयास अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने कहा कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है। इसका निःशुल्क उपचार उपलब्ध है और निर्धारित अवधि तक नियमित उपचार लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में संभावित टीबी मामलों की पहचान कर लोगों को समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने कहा कि समय पर जांच और उपचार से टीबी के गंभीर परिणामों को रोका जा सकता है। साथ ही समाज में बीमारी को लेकर व्याप्त भ्रांतियों और कलंक को दूर करना जरूरी है, ताकि लोग बिना झिझक जांच और उपचार के लिए आगे आएं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के सामूहिक प्रयासों से चंबा को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस दौरान उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हरित पुरी को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने ‘जोश अभियान’ के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का उद्देश्य समुदाय की सक्रिय भागीदारी से टीबी की शीघ्र पहचान, समय पर जांच एवं उपचार, उपचार की पूर्णता तथा मरीजों को पोषण और सामाजिक सहयोग उपलब्ध करवाना है।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष रेखा देवी, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली खान, पंचायत समिति अध्यक्ष काजल, जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर व अंजू कुमारी, पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, एनसीसी कैडेट, मेरा युवा भारत के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Oct 8, 2026