नाली में पानी बहाने के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या, 48 घंटे में तीन नामजद गिरफ्तार
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में नाली में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में युवक की मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नसोपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को चकिया बखरिया निवासी वीरेंद्र पांडेय ने पवई थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि पूर्व में हुई कहासुनी को लेकर यदुवंश मणि त्रिपाठी, रामलाल शर्मा और एक महिला ने नाली के विवाद को लेकर उनके करीब 30 वर्षीय पुत्र हरिओम पांडेय के साथ घर के दरवाजे पर मारपीट की और उसका गला दबा दिया। इससे हरिओम की मौत हो गई। परिजनों के विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत धारा 103(1) और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। घटना के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मनीष पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 सितंबर को कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पोल संख्या 187.8 स्थित नसोपुर अंडरपास से करीब 2:52 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यदुवंश मणि त्रिपाठी पुत्र उमाकांत त्रिपाठी और रामलाल शर्मा पुत्र सहदेव शर्मा, दोनों निवासी चकिया बखरिया, थाना पवई, आजमगढ़ के रूप में हुई है। तीसरी आरोपी महिला की पहचान पुलिस ने गोपनीय रखी है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी यदुवंश मणि त्रिपाठी के खिलाफ पवई थाने में वर्ष 2012 में धारा 149, 323, 395, 452, 504 और 506 भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज रहा है। वर्तमान में उसके खिलाफ हत्या और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनीष पाल के साथ कांस्टेबल राकेश गोड, जमींदार विश्वकर्मा, धीरज वर्मा, रोहन, नितिन मिश्रा और महिला कांस्टेबल ज्योति गुप्ता शामिल रहीं।