वृद्ध पर लाठी-डंडों से हमलाः पुरानी रंजिश में पीटा, 13 दिन बाद 3 आरोपियों पर केस दर्ज
हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के खम्हौरा गांव में एक वृद्ध पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। पुरानी रंजिश के चलते हुई इस घटना में वृद्ध घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 13 दिन बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खम्हौरा गांव निवासी ओमकार पुत्र रामफेरे ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि यह घटना 21 मई की शाम करीब 6 बजे हुई थी। वह अपने घर के दरवाजे पर खाना खा रहे थे, तभी गांव के शिवकुमार उर्फ श्यामा, राजकुमार और ओमेंद्र वहां आए।
आरोपियों ने ओमकार से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब ओमकार ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 13 दिन बाद शिवकुमार उर्फ श्यामा, राजकुमार और ओमेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर घायल का डाक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Hardoi, Hardoi | Jun 4, 2026