प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ डिजिटल सुरक्षा का भी पाठ, शर्मा एकेडमी में छात्रों को साइबर जागरूकता का संदेश
इंदौर। मध्यप्रदेश पुलिस के SAFE CLICK-2.0 अभियान के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को शर्मा एकेडमी कोचिंग क्लास में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी सजग रहने का संदेश दिया।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-4 सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल और सहायक पुलिस आयुक्त जूनी इंदौर विजय चौधरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, साइबर बुलिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में करियर बनाने के साथ-साथ अपनी ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करने की अपील की।
उन्होंने साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और उनसे अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया।
#Indore #SafeCliek2 #CyberSafety #CyberAwareness #MPPolice IndorePolice DigitalSecurity Students CompetitiveExams CyberCrime OnlineSafety Education
Indore, Indore | Jul 4, 2026