फेफना महापंचायत की तैयारियां तेज, मंगेज चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक
नोहर 29 जून नोहर फीडर में हरियाणा से प्रस्तावित ड्रेनेज के पानी को छोड़े जाने के विरोध में 1 जुलाई को फेफना में आयोजित होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में किसान सभा के जिलाध्यक्ष मंगेज चौधरी के आवास पर किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापंचायत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए किसानों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों से महापंचायत में पहुंचकर अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।किसान सभा के जिलाध्यक्ष मंगेज चौधरी ने कहा कि हरियाणा और राजस्थान सरकार मिलकर क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को बढ़ावा देने वाली स्थिति पैदा करना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि ड्रेन का दूषित पानी नोहर फीडर में छोड़ा गया तो पूरा इलाका बर्बाद हो जाएगा और किसानों की खेती के साथ-साथ आमजन के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ेगा। मंगेश चौधरी ने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार गुमराह कर रहे हैं जानकारी होने के बावजूद भी हरियाणा द्वारा शुरू किया गया निर्माण कार्य रोका नहीं जा सका। अधिकारियों ने इस मामले में किस कदर लापरवाही बरती जिसका इस बात से प्रमाण मिलता है कि राजस्थान की भूमि पर लिफ्ट परियोजना का हरियाणा ने निर्माण कर दिया और सिंचाई विभाग के अधिकारी कुंभकर्ण नींद सोते रहे। बैठक में सजन गोदारा ने बताया कि फेफना महापंचायत में सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।बैठक में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और महापंचायत को सफल बनाने का संकल्प लिया। बेटे के उपरांत मंगेज चौधरी ने किसानों के साथ क्षेत्र के अनेक गांवों में जनसंपर्क कर 1 जुलाई को फेफाना पहुंचने का आह्वान किया।
Nohar, Hanumangarh | Jun 29, 2026