बांसडीह रोड के अमवा सती माई स्थान पर पिकअप के धक्के से 7 वर्षीय बालिका की मौत, बहन गंभीर
बांसडीह रोड के अमवा स्थित सती माई स्थान पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप के धक्के से सात वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 10 वर्षीय सगी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बहनें सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के खरीद गांव की निवासी थीं और गांव की अन्य महिलाओं के साथ पूजा करने सती माई के स्थान पर गई थीं।
जानकारी के अनुसार खरीद निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ बब्लू यादव की पुत्रियां बिट्टन (10) और गुड्डन (7) गुरुवार सुबह कुछ महिलाओं के साथ बांसडीह रोड के अमवा स्थित सती माई के स्थान पर पूजा करने गई थीं। करीब आठ बजे वहां तेज रफ्तार पिकअप पहुंची और दोनों बहनों को धक्का मार दिया। हादसे में गुड्डन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिट्टन गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया। घायल बालिका को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृत बालिका के शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया गया।
उधर, हादसे की खबर धर्मेंद्र यादव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#सिकन्दरपुर #बलिया #बांसडीहरोड #अमवा #सतीमाई #सड़कहादसा #पिकअपदुर्घटना #बालिकाकीमौत #बालिकाघायल #खरीदगांव #BalliaNews #Sikandarpur #RoadAccident