समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 16 नवंबर 2026
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर परिचर्चा का आयोजन, जिम्मेदार एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की भूमिका पर हुआ विमर्श
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष, बक्सर में जिला प्रशासन के तत्वावधान में परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस वर्ष परिचर्चा का विषय ‘Journalism: Populist or Responsible’ रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला, उप विकास आयुक्त बक्सर श्रीमती निहारिका छवि एवं अपर समाहर्ता बक्सर श्री अरुण कुमार सिंह तथा उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा किया गया।
परिचर्चा के दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका, लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया के महत्व, निष्पक्ष एवं तथ्यपरक समाचारों के प्रसारण तथा सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसकी सार्थकता केवल सूचनाओं के प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को सामने लाने और शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। समाचारों की विश्वसनीयता, तथ्यों की प्रमाणिकता और निष्पक्षता पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी है। त्वरित खबर देने की प्रतिस्पर्धा में तथ्यों की पुष्टि और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों से समझौता नहीं होना चाहिए।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करती है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
अपर समाहर्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है। मीडिया की जिम्मेदारी है कि वह तथ्यों के आधार पर जनहित के मुद्दों को सामने लाए तथा आमजन को सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का विशेष महत्व है।
परिचर्चा में उपस्थित पत्रकार बंधुओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए समसामयिक पत्रकारिता की चुनौतियों, मीडिया की जवाबदेही तथा सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि पत्रकारिता की वास्तविक ताकत उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता में निहित है। सनसनी से अधिक सत्य, विचारों से अधिक तथ्य और लोकप्रियता से अधिक जनहित को प्राथमिकता देना ही जिम्मेदार पत्रकारिता की पहचान है।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा समाज के प्रति पत्रकारिता की जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #buxarjila #samratchaudhary #bihar #BuxarNews
Buxar, Bihar | Nov 16, 2026