पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना का शुभारंभ
नई सरकार के गठन के 60 दिन पूर्ण होने के अवसर पर ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1,512 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र अधिष्ठापन कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, खगड़िया, उप विकास आयुक्त सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी समाहरणालय स्थित सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में सदर विधायक श्री बबलू कुमार मंडल एवं अलौली विधायक श्री रामचंद्र सदा की गरिमामयी उपस्थित रही।
खगड़िया जिले में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की संख्या 104356 है। अब तक सातों प्रखंडों से कुल 14210 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रथम चरण में कुल 4149 उपभोक्ता के घर पर नवम्बर 2026 तक निःशुल्क सोलर पैनल की स्थापना की जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को स्वच्छ, सस्ती एवं सतत ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे विद्युत व्यय में कमी आएगी तथा नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
4 views | Khagaria, Bihar | Jun 14, 2026