#बालाघाट
परंपरागत तरीके से पानी शुद्ध करने की पहल, प्रभावित गांवों में बांटी फिटकरी
बरसात के मौसम में दूषित पेयजल से होने वाली बीमारियों की रोकथाम और ग्रामीणों को स्वच्छ पानी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साथी अनुसंधान एवं सामाजिक कल्याण संगठन ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत अडोरी, कुण्डेकसा एवं बोदारी गांवों में ग्रामीणों के बीच फिटकरी का वितरण किया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को पानी साफ करने के लिए फिटकरी के सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही मातृ सहयोगिनी समिति के सदस्यों को भी प्रशिक्षण देकर अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। बरसात के दिनों में जल स्रोतों के दूषित होने से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बीमारी का उपचार करने के साथ-साथ उसके कारणों को दूर करने की दिशा में भी प्रयास जरूरी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से पानी को साफ करने के लिए फिटकरी का उपयोग एक पारंपरिक उपाय के रूप में किया जाता रहा है। इसी पारंपरिक ज्ञान को सही जानकारी और जागरूकता के साथ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल फिटकरी का वितरण करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को स्वच्छ पानी के महत्व और जलजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। इस पहल के माध्यम से स्थानीय समुदाय की सहभागिता से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण में प्रभावित क्षेत्र के 10 गांवों अडोरी, कुण्डेकसा, बोदारी, चिखली, धामनगांव, गठिया, मुरकुट्टा, कोडबिरकोना, उसरी एवं कोरका में फिटकरी का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के सुरक्षित उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। संस्था की ओर से दीक्षा शर्मा, दुर्गेश्वरी नागपुरे, रितेश देशमुख एवं गोपाल मरावी अभियान में उपस्थित रहे।
संस्था ने बताया कि यह गतिविधि निरंतर जारी रहेगी। प्रत्येक माह प्रभावित गांवों में अभियान चलाकर इसकी निगरानी की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को स्वच्छ पानी के प्रति जागरूक किया जा सके और समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #healthminmp #minphemp #minprdd #mp_husbandry
Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 28, 2026