निर्माधीन पंचायत सरकार भवन के निर्माण में धीमी प्रगति पर नाराजगी,
शिवहर। कुअमा पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर पिपराही प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अनिल कुमार ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं पाए जाने पर पंचायत राज पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए नियमित रूप से निगरानी की जाए। किसी भी स्थिति में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। भवन निर्माण में निर्धारित मानकों और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी के नाम पर निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
निर्माधीन पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूरा होने के बाद पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं के संचालन में लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न कार्यों के लिए बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पंचायत राज पदाधिकारी अनिल कुमार ने निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों को स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में आने वाली किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जाए, ताकि कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने संबंधित कर्मियों से कहा कि भवन निर्माण में विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन हो तथा कार्य की गुणवत्ता की लगातार जांच की जा रही है।