मिशन सेफ फ्यूचर अभियान: स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 32 वाहनों के चालान, 10 सीज
कासगंज। मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने एआरटीओ आर.पी. मिश्र के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच में अनाधिकृत रूप से स्कूलों में संचालित 7 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 5 निजी वाहनों को सीज कर दिया गया। स्कूल संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों का व्यवसायिक पंजीकरण कराकर आवश्यक परमिट प्राप्त करें।
इसके अलावा बिना परमिट, फिटनेस और ओवरलोड संचालित 5 यात्री एवं माल वाहनों को भी सीज किया गया। अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों के चालान, 10 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया तथा 1.72 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।