सीआईए स्टाफ द्वितीय भिवानी ने शराब ठेके पर लगे कैमरे तोड़कर सेल्समैन के साथ मारपीट कर रुपए लूटने के मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
*पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन डंडे, एक सीसीटीवी कैमरा व एक डीवीआर किया बरामद।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा लूट, डकैती एवं अन्य संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ द्वितीय भिवानी की टीम ने शराब ठेके पर सेल्समैन के साथ मारपीट कर रुपए लूटने तथा सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में राजेन्द्र पुत्र रामकिशन निवासी बड़सी गुजरान ने थाना बावानीखेड़ा में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह बाड़ा चौरटापुर स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन का कार्य करता है। दिनांक 30.04.2026 को सायं करीब 6:30 बजे वह अपने साथी दिनेश के साथ ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान मुकेश, मनीश, नितेश तथा अन्य युवक हाथों में डंडे लेकर ठेके पर पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। जब उन्होंने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की, ठेके में तोड़फोड़ की तथा गल्ले में रखे करीब ₹ 7-8 हजार रुपए लूट लिए। जाते समय आरोपी ठेके का डीवीआर भी अपने साथ ले गए तथा जान से मारने और ठेके में आग लगाने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना बावानी खेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
अभियोग में आगामी प्रभावी कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ द्वितीय भिवानी के मुख्य सिपाही ओमप्रकाश ने अपनी टीम के साथ दिनांक 05.08.2026 को शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन के साथ मारपीट कर रुपए लूटने के मामले में तीन आरोपियों को बावानी खेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
*गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुकेश पुत्र बंसी निवासी बाड़ा चौरटापुर, मनीश पुत्र दयानंद निवासी बाड़ा चौरटापुर तथा नितेश पुत्र रोशन निवासी बाड़ा चौरटापुर, जिला भिवानी के रूप में हुई है।*
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन डंडे, शराब ठेके से तोड़कर ले जाया गया एक सीसीटीवी कैमरा तथा एक डीवीआर बरामद करने में सफलता हासिल की है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी आवारा प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने पैसों के लालच में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शराब ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए। पुलिस टीम द्वारा अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता
जिला पुलिस भिवानी।।