आरा शहरी क्षेत्र में मिठाई दुकानों की जाँच, खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित निर्धारित मानकों का सख्ती से अनुपालन करने के दिये गये निदेश
आरा,
जिला पदाधिकारी, भोजपुर के निर्देश के आलोक में आरा शहरी क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों की सघन जाँच की गई। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर आरा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर आरा उपस्थित रहे।
जाँच के क्रम में विभिन्न मिठाई दुकानों में बिक्री हेतु रखी मिठाइयों की गुणवत्ता, स्थिति, रखरखाव एवं साफ-सफाई सहित खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जाँच की गई।
जाँच के दौरान रेलवे स्टेशन के निकट स्थित कुछ दुकानों में बिक्री हेतु रखी मिठाइयों की स्थिति एवं गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन संबंधित दुकानों में रखी मिठाइयों को नष्ट कराया गया।
साथ ही, संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की मिलावटी अथवा अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित निर्धारित मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्हें यह भी हिदायत दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता की पुनरावृत्ति होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Arrah, Bhojpur | Nov 6, 2026