हरिद्वार (ज्वालापुर) के दरोगा पुत्र ने UKPCS-2026 में हासिल किया तीसरा स्थान, बनेंगे डिप्टी एसपी
हरिद्वार पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब कोतवाली ज्वालापुर में तैनात उपनिरीक्षक रणवीर चंद रमोला के पुत्र मनीष रमोला ने UKPCS परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन डिप्टी एसपी पद के लिए हुआ है।
मनीष रमोला की इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कैंप कार्यालय रोशनाबाद में पिता-पुत्र को आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मनीष को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि मनीष की सफलता पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समर्पण, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
मनीष रमोला की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हरिद्वार पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम और लगन से बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।