BREAKING NEWS | शाहनगर
कचौरी मोड़ पर हाईवा का कहर! लोडर रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, सड़क पर पलटा वाहन… भाग रहे हाईवा को चालक ने पीछा कर शाहनगर थाने के सामने पकड़ा!
शाहनगर (पन्ना)। कटनी-पन्ना मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुरुवार को शाहनगर के कचौरी मोड़ के पास एक हाईवा ट्रक ने तीन पहिया लोडर रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर रिक्शा सड़क पर पलट गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में लोडर चालक की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, चालक को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि लोडर रिक्शा शाहनगर से कटनी की ओर जा रहा था, जबकि हाईवा कटनी से पन्ना की तरफ आ रहा था। इसी दौरान कचौरी मोड़ के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद भागा हाईवा, चालक ने नहीं मानी हार!
इस घटना में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब टक्कर मारने के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। लेकिन लोडर चालक ने हार नहीं मानी। एक बाइक सवार की मदद से हाईवा का पीछा किया और आखिरकार शाहनगर थाना के सामने उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया।
अब सवाल जिम्मेदारों से...
कटनी-पन्ना मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आखिर कब नियंत्रित होगी? क्या सड़क पर चलने वाले छोटे वाहन और आम नागरिक इसी तरह अपनी जान जोखिम में डालते रहेंगे?
इस बार तो लोडर चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन अगर हादसा कुछ और गंभीर होता तो नतीजा कितना भयावह हो सकता था, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
सड़क पर रफ्तार का जुनून नहीं, सुरक्षा का अनुशासन जरूरी है।
📍 शाहनगर से गजेंद्र सिंह राठौड़ की रिपोर्ट।
#BreakingNews #Shahnagar #PannaNews #RoadAccident #KatniPannaRoad #HighwayAccident #TrafficSafety #ShahnagarNews #PublicApp #GajendraSingh