दिल्ली से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है… जहां महज चार साल का मासूम खुले सीवर में गिर गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चे की तलाश के लिए कई एजेंसियां संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन देर रात तक मासूम का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
दरअसल, यह पूरा मामला बाहरी दिल्ली के नांगली विहार इलाके की दास गार्डन कॉलोनी के पास का है। लापता बच्चे की पहचान चार वर्षीय इमरान के रूप में हुई है। बच्चे के पिता खुर्शीद आलम के मुताबिक, इमरान अपनी मां के साथ पार्क में खेलने आया था। इसी दौरान वह शौच के लिए सीवर के पास गया और खुले मैनहोल में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और BSF की टीमें भी जुट गईं।
बच्चे की तलाश के लिए सीवर लाइन के अंदर सक्शन पंप और स्कैनिंग उपकरणों की मदद ली जा रही है। स्थानीय गोताखोरों ने भी शुरुआती स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मौके पर मौजूद एसडीएम रजत मल्होत्रा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से ही बचाव अभियान लगातार जारी है। NDRF की टीम और पूरा प्रशासन बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
फिलहाल कई एजेंसियां मिलकर मासूम इमरान की तलाश में जुटी हैं। इस घटना ने एक बार फिर खुले मैनहोल और सीवर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं और परिवार बच्चे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
#DelhiNews #DelhiRescueOperation #ImranRescue #NangliVihar #OpenSewer #DelhiPolice #NDRF #MissingChild #ChildSafety #BreakingNews
Hardwar, Haridwar | Nov 12, 2026