*माननीय समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने वृहद आश्रय गृह के बाल गृह (बालिका) यूनिट - 2 का किया शुभारंभ*
*बालिकाओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आकांक्षाओं की ली जानकारी*
*बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित*
*बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता किट का किया गया वितरण*
दरभंगा 06 नवंबर 2026 :-
माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार डॉ. श्वेता गुप्ता द्वारा आज दरभंगा स्थित वृहद आश्रय गृह के बाल गृह (बालिका) यूनिट - 2 का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर माननीय मंत्री ने आश्रय गृह में आवासित बालिकाओं से आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा उनके भविष्य की योजनाओं, शैक्षणिक रुचियों एवं जीवन के लक्ष्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
बालिकाओं से बातचीत के क्रम में माननीय मंत्री ने उनसे पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और अपने जीवन में किस प्रकार का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस पर बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी-अपनी आकांक्षाएं साझा कीं। किसी ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, तो किसी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाने, बिहार पुलिस में सेवा देने, शिक्षक बनने तथा एक अच्छा और जिम्मेदार इंसान बनने की इच्छा व्यक्त की।
बालिकाओं की इन आकांक्षाओं को सुनकर माननीय मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें पूरे मनोयोग एवं लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करना अत्यंत आवश्यक है।
शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए बालिकाएं अपने सपनों को साकार कर सकती हैं तथा समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने बालिकाओं को आत्मविश्वास बनाए रखने, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बालिकाओं के स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत उनके बीच मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) किट का वितरण भी किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियों से जागरूक करना, व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों को प्रोत्साहित करना तथा मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों एवं संकोच को दूर करने की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। इसके माध्यम से किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक बनाने का प्रयास किया गया।
वृहद आश्रय गृह के बाल गृह (बालिका) यूनिट - 2 का शुभारंभ तथा बालिकाओं के साथ माननीय मंत्री का आत्मीय संवाद उनके संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। बालिकाओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना इस प्रकार की पहलों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम के पश्चात माननीय मंत्री महोदय द्वारा पौधारोपण किया गया।
इस अवसर पर माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, माननीय विधायक केवटी श्री मुरारी मोहन झा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार यादव, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) श्रीमती चांदनी सिंह, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई श्री अनिमेश चंद्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशीष अमन, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती प्रियंका कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar