निफा ने रक्तदानी संस्थाओं को किया सम्मानित, हिमाचल को राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान
Kullu Times
नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट्स (NIFAA) द्वारा वर्ष 2025 में पूरे भारत में आयोजित संवेदना-2 रक्तदान महाअभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन करने वाली रक्तदानी संस्थाओं एवं टीमों को शिमला स्थित राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संवेदना-2 अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में कुल 50 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश में रक्तदान के क्षेत्र में कार्य करने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं को नेशनल सोशल इंपैक्ट अवॉर्ड एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस देशव्यापी अभियान में हिमाचल प्रदेश ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा जिला औसत के आधार पर रक्तदान शिविरों के आयोजन में हिमाचल प्रदेश को देशभर में चौथा स्थान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश को ₹31,000 की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रदेश की सभी रक्तदानी संस्थाओं, टीमों, स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं के सामूहिक प्रयासों को समर्पित है।
इस अवसर पर NIFAA की ओर से संस्थापक अध्यक्ष प्रितपाल सिंह पन्नू, राष्ट्रीय प्रधान डॉ. अश्वनी शेट्टी, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म स्वरूप, सहित राकेश सांगर, श्रवण कुमार, सचप्रीत सिंह एवं सतिंदर पाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस की ओर से निदेशक संजय पंजवानी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
निफा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष तरुण धीमान एवं सचिव हिमांशी नाथ ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश की सभी रक्तदानी संस्थाओं, विभिन्न टीमों, स्वयंसेवकों एवं राज्य कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को मिला यह सम्मान किसी एक संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जिन्होंने रक्तदान के इस महाअभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं का हृदय से धन्यवाद किया, जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के रक्तदान कर मानवता की सेवा की।
उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है और निफा भविष्य में भी प्रदेश में रक्तदान एवं अन्य सामाजिक सेवा अभियानों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
— निफा हिमाचल प्रदेश
Kullu, Kullu | Aug 6, 2026