अल्मोड़ा: जिले के भैंसियाछाना ब्लॉक के खनकारी गूंट ग्राम पंचायत के तिमरी तोक के स्कूली बच्चों का सड़क निर्माण की मांग को लेकर किया गया भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में बच्चे मुख्यमंत्री से गांव तक सड़क बनाने की अपील करते हुए कहते हैं, "सीएम सर, हमें सड़क दे दीजिए।" उनका कहना है कि उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए प्रतिदिन करीब 14 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है, जिससे पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, कासन बैंड से तिमरी तक लगभग 7 किलोमीटर सड़क की मांग कई वर्षों से की जा रही है। सड़क का सर्वे भी हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि गांव के 15 से अधिक छात्र-छात्राएं रोजाना इसी पैदल मार्ग से स्कूल पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने सरकार से जल्द सड़क निर्माण शुरू कर बच्चों और ग्रामीणों को राहत देने की मांग की है।