मन से मजबूत राजस्थान मैराथन की टी-शर्ट का विमोचन
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने किया विमोचन
धौलपुर, 18 सितम्बर। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा मानसिक समस्याओं को लेकर व्याप्त झिझक एवं सामाजिक कलंक को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब धौलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली मन से मजबूत राजस्थान मैराथन रन फॉर मन की आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने किया। मैराथन 20 सितम्बर को प्रातः 6.30 बजे नगर परिषद कार्यालय धौलपुर से प्रारंभ होकर मचकुंड पर संपन्न होगी। इसमें चिकित्सकों, विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
इस अवसर पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर संवाद करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं से मैराथन में सक्रिय सहभागिता की अपील की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि मानसिक परेशानी या तनाव की स्थिति में इसे छिपाने के बजाय परिवार, मित्रों अथवा विशेषज्ञों से संवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहायक हैं।
इस अवसर पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. निखिल अग्रवाल, रोटरी क्लब धौलपुर से डॉ. बी.एम. मंगल एवं नोडल अधिकारी डॉ. सुमित मित्तल सहित अन्य उपस्थित रहे।
Dhaulpur, Dholpur | Sep 18, 2026