सेफ क्लिक 2.0" अभियान के सप्तम दिवस पर नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता रैली के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश
मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत छतरपुर जिले में लगातार व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले के मार्गदर्शन में जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से साइबर जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत प्रथम दिवस थाना एवं चौकी परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों पर, द्वितीय दिवस स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में, तृतीय दिवस बैंकों, एटीएम, डाकघरों एवं कॉमन सर्विस सेंटर/कियोस्क सेंटरों में, चतुर्थ दिवस महिलाओं एवं बच्चों के लिए, पंचम दिवस जन चौपालों के माध्यम से तथा षष्ठम दिवस स्वास्थ्य एवं जनसेवा संस्थानों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सप्तम दिवस पर जिलेभर में साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी साझा करने के खतरे, फर्जी निवेश, लोन एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही जागरूकता रैली के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रसार किया गया।
छतरपुर पुलिस की अपील:
यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी अथवा संदिग्ध डिजिटल गतिविधि होती है, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।