न.पा.सराय परिसर की शासकीय भूमि पर से अवैध निर्माण तत्काल हटवाएं- डॉ. मीना
कलेक्टर ने की जनसुनवाई, 63 आवेदकों की सुनी समस्याएं
नगरीय क्षेत्र के सराय परिसर में शासकीय भूमि पर किये जा रहे अवैध व स्थायी निर्माण को तत्काल हटाएं। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को जनसुनवाई में छावनी आगर निवासी श्रीमती सुधा मेठी के आवेदन पर सी.एम.ओ. आगर को दिए। आवेदिका सुधा मेठी ने कलेक्टर को अवगत कराया कि उनकी एक दुकान सराय परिसर में न.पा. से किराये पर ली गई हैं। इस दुकान के समीप कार्नर की शासकीय भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर स्थाई निर्माण किया जा रहा है, इससे उनकी दुकान को भी क्षति हो रही है। इस पर कलेक्टर ने न.पा. सीएमओ को उक्त शासकीय भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त करवाकर अवैध निर्माण को हटवाने के निर्देश दिए है।
जनसुनवाई में मंगल कॉलोनी उज्जैन की श्रीमती विद्या पानीवाल ने सड़क दुर्घटना में पति की मृत्यु नवम्बर 2024 में हो जाने पर कलेक्टर न्यायालय द्वारा स्वीकृत 2 लाख रूपए की राशि दिलाने संबंधी आवेदन पर न्यू इंडिया इश्योरेंस कम्पनी के प्रबंधक को निर्देश दिए कि तत्काल हितग्राही को राशि का भुगतान कर अवगत करवाएं।
जनसुनवाई में लाखाखेड़ी की फरीदा बी ने आंगनवाड़ी सहायिक भर्ती में बी.पी.एल कार्ड के अंक नहीं प्रदान करने संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने लिखित में आपत्ति दर्ज करवाने तथा डीपीओ को आपत्ति का निराकरण कर फरीदा बी को बीपीएल के अंक प्रदान कर पुन: मेरीट सूची बनाने के निर्देश दिए।
जनुसनवाई में निपानिया के दिनेश ने विद्युत बिल अधिक आने पर कम कराने, जगतपुरा के बनेसिंह ने आदेशों का अमल कराने, आगर की सीताबाई एवं पालडा के देवीसिंह ने पेंशन प्रारंभ करवाने, सोयत के दुर्गालाल ने भूमि का मुआवजा दिलाने, आगर के अशोक कुमार ने परेशान करने के विरूद्ध कार्यवाही करने, कांकर के हरिदास ने भूमि पर जाने का रास्ता दिलाने, बड़ौद की सविता मकवाना ने अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, ग्राम मोड़ी की उमा पाटीदार ने गिरदावर द्वारा आदेश का पालन न करने, बोरखेड़ी कांवल के रतनलाल ने जमीन संबंधी प्रकरण में पटवारी द्वारा अमल कार्यवाही नहीं करने, खेजड़ी के रघुनाथसिंह ने मुआवजा राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर आवेदकों की समस्या का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम आगर श्री मिलिन्द ढ़ोके सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026