एक घंटा एक साथ श्रमदान से जीरो माइल चौक पर चला स्वच्छता अभियान,
शिवहर। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के संदेश के साथ बुधवार को शिवहर के जीरो माइल चौक पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। 1 अक्टूबर को प्रस्तावित देशव्यापी “एक तारीख, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजित अभियान में जिले के कई वरीय पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए। अपर समाहर्ता श्री मेधावी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान में अपर समाहर्ता श्री मेधावी, डायरेक्टर एनईपी डीआरडीए, ओएसडी प्रेम सागर मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग ठाकुर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार, लोहिया स्वच्छता अभियान के जिला समन्वयक विद्या नाथ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान जीरो माइल चौक और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई तथा लोगों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों, गलियों, मोहल्लों, विद्यालयों और कार्यालय परिसरों को साफ रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। लोगों की भागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण संभव है।
डायरेक्टर एनईपी डीआरडीए ने कहा कि “एक घंटा एक साथ” श्रमदान का उद्देश्य लोगों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए प्रेरित करना है। जब बड़ी संख्या में लोग एक साथ श्रमदान करते हैं तो इसका संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
लोहिया स्वच्छता अभियान के जिला समन्वयक विद्या नाथ गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास के क्षेत्रों में कम से कम एक घंटा श्रमदान कर सफाई अभियान में योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
अधिकारियों ने बताया कि “एक तारीख, एक घंटा, एक साथ” अभियान स्वच्छ भारत मिशन और “स्वच्छता ही सेवा” की भावना से जुड़ा राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वयं आगे बढ़कर श्रमदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुए श्रमदान से लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा।