24 घंटे में 31 शिव भक्त लेकर आए तूफानी डाक कावड़, डीजे की धुन पर झूमे ग्रामीण
बयाना (भरतपुर)। बयाना तहसील की ग्राम पंचायत गुरधानदी के गांव गुरधानदी में ‘शिव शक्ति मंदिर प्रथम तूफानी डाक कावड़ यात्रा’ का भव्य आयोजन हुआ। 31 सदस्यीय शिव भक्तों का दल सोरोंजी स्थित कचला घाट से पवित्र गंगाजल लेकर करीब 24 घंटे में सकुशल गांव पहुंचा।
कावड़ियों के गांव में प्रवेश करते ही ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और डीजे पर गूंजते भोलेनाथ के भक्ति गीतों के साथ जोरदार स्वागत किया। महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने कावड़ यात्रा दल के साथ पूरे गांव में भव्य परिक्रमा निकाली। इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया तथा केले, बिस्कुट और ठंडे पेय पदार्थों से जलपान कराकर सम्मान किया।
इसके बाद शिव भक्तों एवं ग्रामीणों ने गांव के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर पवित्र गंगाजल से भगवान आशुतोष का विधिवत जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा गांव ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु डीजे की धुन पर भक्ति में झूमते नजर आए।
कावड़ यात्रा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम की जानकारी गांव के युवा जय सिंह सैनी ने दी।
Weir, Bharatpur | Aug 11, 2026