ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी विभाग, वन विभाग और देहरादून मुख्यालय की संयुक्त टीम ने अलावृदी स्थित किलपुरा रेंज में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन जलती हुई कच्ची शराब की भट्टियां मिलीं। टीम ने शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 10 हजार किलोग्राम लहन और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
वहीं, टीम ने मौके से करीब 120 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त और जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के आदेश तथा जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में की गई। अभियान में क्षेत्र-1 रुद्रपुर, क्षेत्र-2 खटीमा, देहरादून मुख्यालय के आबकारी कर्मचारी और वन विभाग की टीम शामिल रही।