रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर 7 दिवसीय जागरूकता अभियान, 1150 लोगों को किया जागरूक
रांची: वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर यातायात पुलिस की ओर से शहर और रिंग रोड के विभिन्न इलाकों में 7 दिवसीय सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तीसरे दिन बुधवार, 30 सितंबर को “ड्राइविंग के दौरान मोबाइल नहीं” विषय पर लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक, यातायात के नेतृत्व में किशोरी यादव चौक, काठीटांड़ चौक, पिस्का मोड़, राजेंद्र चौक, पटेल चौक, करबला चौक, बहु बाजार, पुराना विधानसभा कटिंग सहित स्कूलों के आसपास कुल 11 स्थानों पर अभियान चलाया गया।
पुराना विधानसभा के पास पुलिस अधीक्षक, यातायात स्वयं मौजूद रहे और वाहन चालकों एवं आम लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान ट्रक, चार पहिया वाहन, ऑटो-टोटो, दोपहिया समेत सभी प्रकार के वाहन चालकों, अभिभावकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। लोगों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया पर हेलमेट पहनने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और तेज गति से वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
इसके अलावा निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को वाहन में नहीं बैठाने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने और अन्य यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी भी दी गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान करीब 1150 लोगों और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
रांची यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, बच्चों एवं परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
#Ranchi #RanchiTraffic #TrafficPolice #RoadSafety #RoadSafetyCampaign #TrafficRules #RanchiNews #JharkhandNews #RoadSafetyAwareness #DriveSafe #NoMobileWhileDriving #HelmetSafety #SeatBelt #TrafficAwareness #JharkhandPolice #RanchiPolice #BreakingNews #LatestNews #ViralNews #LoktantraBharat #LoktantraBharatNews