युवा संगम में रोजगार की राह, 24 कंपनियां पहुंचीं, 224 युवा शॉर्टलिस्ट
देवास। जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशने का मंच बना मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित ‘युवा संगम’। रोजगार और स्वरोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे 395 युवाओं ने पंजीयन कराया। निजी क्षेत्र की 24 कंपनियों ने युवाओं से संवाद और चयन प्रक्रिया में भाग लिया, जिसमें 224 आवेदकों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
युवा संगम में अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के साथ अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी युवाओं को दी गई। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और आगे की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
जॉब पोर्टल पर कराया पंजीयन
कार्यक्रम में शामिल युवाओं का जॉब पोर्टल पर पंजीयन भी कराया गया। रोजगार कार्यालय के काउंसलरों ने युवाओं को कैरियर काउंसलिंग दी और उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुसार स्वरोजगार से जुड़े विकल्पों की जानकारी दी।
रोजगार से आगे स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप पर भी फोकस
युवा संगम का उद्देश्य केवल नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के विकल्पों से जोड़ना भी रहा। कार्यक्रम में युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और रोजगार के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
युवा संगम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, रोजगार कार्यालय और आईटीआई देवास के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।