गिरिडीह की बेटी प्रज्ञा नयन का साउथ फिल्म इंडस्ट्री में जलवा, 11 फिल्मों में कर चुकी हैं काम, अब मेगास्टार चिरंजीवी के साथ आएंगी नजर।
झारखंड के गिरिडीह की धरती की एक बेटी आज फिल्मी दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। गिरिडीह के बरमसिया की रहने वाली अभिनेत्री प्रज्ञा नयन ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर हिंदी सिनेमा तक खास पहचान बनाई है।
प्रज्ञा नयन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई डीएवी गिरिडीह से 12वीं तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने बिट्स पिलानी से मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई के बाद उन्होंने विप्रो में कॉरपोरेट नौकरी शुरू की, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
एक डायरेक्टर की नजर उन पर पड़ी और मॉडलिंग में आने की सलाह दी। इसके बाद फेसबुक के जरिए पहला मॉडलिंग ऑडिशन दिया और धीरे-धीरे लैक्मे जैसे बड़े ब्रांड के साथ काम करने का मौका मिला। यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई।
साल 2020 में उनकी पहली फिल्म रिलीज हुई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिछले पांच वर्षों में प्रज्ञा नयन तेलुगु और हिंदी की करीब 11 फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
उनकी चर्चित फिल्मों में साइंस फैंटेसी फिल्म 'कलिंगा' भी शामिल है। अब दर्शकों को इसके अगले भाग 'कलिंगा-2' का इंतजार है। इसके अलावा वह कश्मीर के डीजीपी और पुलिस विभाग की पृष्ठभूमि पर आधारित एक हिंदी फिल्म में भी काम कर रही हैं।
सबसे खास बात यह है कि प्रज्ञा नयन अब साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी के साथ भी एक फिल्म में नजर आने वाली हैं। इससे पहले वह कई चर्चित कलाकारों के साथ काम कर चुकी हैं।
भाषाओं की बात करें तो प्रज्ञा हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, अंग्रेजी, बंगाली, पंजाबी और भोजपुरी में काम कर रही हैं। इतना ही नहीं, वह जर्मन भाषा भी सीख रही हैं।
एक सामान्य परिवार से निकलकर फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली प्रज्ञा नयन के पिता गिरिडीह डीसी कार्यालय में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत रहे हैं।
गिरिडीह से हैदराबाद तक का उनका यह सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से बड़े सपने देखते हैं।
प्रज्ञा नयन की सफलता आज पूरे गिरिडीह के लिए गर्व की बात है। यह साबित करती है कि अगर हौसला मजबूत हो और मेहनत करने का जुनून हो, तो मंजिल जरूर मिलती है।
कैमरामैन के साथ, PNA NEWS INDIA के लिए।