दुर्गा पूजा से पहले पुलिस की कार्रवाई, दो मोबाइल चोर गिरफ्तार
कोडरमा। आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए एसपी कोडरमा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो स्थित सतपुलिया चौक के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि में शामिल तीन युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने साहेबगंज जिले से आकर कोडरमा रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर रेकी कर चोरी की योजना बनाने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के दो मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस ने तिलैया थाना कांड संख्या 291/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में किशन कुमार चौधरी (18) और पवन कुमार (21) शामिल हैं, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि बालक को संप्रेक्षण गृह, हजारीबाग भेजा गया। बरामद मोबाइल में दो काले रंग के ओप्पो कंपनी के एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं।