आप तक न्यूज प्वाइंट 1 की खबर का हुआ असर: सोननगर अंडरब्रिज के पास गड्ढे की हुई मरम्मत, राहगीरों को मिली राहत।
बारुण (औरंगाबाद)। सोननगर रेलवे अंडरब्रिज के समीप बारुण-दाउदनगर मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आप तक न्यूज प्वाइंट 1 द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। खबर का संज्ञान लेते हुए बारुण अंचलाधिकारी श्री नारायण राय ने तत्परता दिखाते हुए अंडरब्रिज के पास सड़क पर बने बड़े गड्ढे को RCD AE श्री सतीश वैद्य के द्वारा भरवारा गया।
बारिश के बाद सोननगर रेलवे अंडरब्रिज के समीप सड़क पर बने गड्ढे में पानी और कीचड़ भर जाने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही थी। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को इस स्थान से गुजरने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। इसके बाद आप तक न्यूज प्वाइंट 1 ने इस समस्या को खबर के माध्यम से प्रमुखता से उठाया और संबंधित अधिकारियों तक आम लोगों की परेशानी पहुंचाई।
खबर प्रकाशित होने के बाद अंचलाधिकारी नारायण राय ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित स्तर पर कार्रवाई कराई। शनिवार को अंडरब्रिज के पास बने गड्ढे को भरवा दिया गया, जिससे फिलहाल राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।
प्रशासन की तत्परता से लोगों को मिली राहत
गड्ढा भरने की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की। लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई थी। समय रहते गड्ढे को भर दिए जाने से दुर्घटना की आशंका कुछ हद तक कम हुई है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि सड़क के अन्य जर्जर हिस्सों और जलजमाव की समस्या पर भी संबंधित विभाग जल्द ध्यान देगा, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर लोगों का आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
आप तक न्यूज प्वाइंट 1 आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाता रहा है। इस मामले में खबर के बाद हुई त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह सामने आया कि जनसमस्याओं को जिम्मेदारी के साथ उठाने पर प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंच सकती है।