राष्ट्रीय कर्मयोगी प्रशिक्षण से लोकसेवकों में बढ़ेगा सेवा भाव, नागरिक केंद्रित प्रशासन पर जोर
राष्ट्रीय कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के तहत उज्जैन जिले के छह ब्लॉकों के शासकीय सेवकों का प्रशिक्षण संपन्न
उज्जैन, 16 अक्टूबर। राष्ट्रीय क्षमता विकास आयोग एवं प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, मध्यप्रदेश भोपाल के तत्वावधान में जिला आयुष विभाग उज्जैन के निर्देशन में राष्ट्रीय कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जिले के सभी छह ब्लॉकों के शासकीय सेवकों ने भाग लिया और प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मनीषा पाठक ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकसेवकों में सेवा भाव की संस्कृति विकसित करना तथा नागरिक केंद्रित प्रशासन की अवधारणा को मजबूत बनाना है। प्रशिक्षण में आईगॉट (iGOT) पोर्टल के माध्यम से डिजिटल लर्निंग और व्यक्तिगत व्यवहार से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
जिला मास्टर ट्रेनर एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र जैन ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से शासकीय सेवकों को नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी, जवाबदेही और बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल से अवगत कराया गया। चार मॉड्यूल के माध्यम से राष्ट्रीय कर्मयोगी के आदर्शों, कार्य से मिलने वाले संतोष, कर्मयोगी क्षण बनाने के सरल तरीकों और नागरिकों से जुड़कर अपने योगदान को बेहतर बनाने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान दैनिक कार्यों को राज्य के लक्ष्यों और राष्ट्रीय विकास से जोड़ते हुए कर्मयोगी की अवधारणा समझाई गई। बताया गया कि प्रत्येक लोकसेवक का दायित्व नागरिकों की सेवा के साथ देश के विकास में योगदान देना भी है।
यह प्रशिक्षण स्थानीय क्षमता संवर्धन केंद्र, उज्जैन में आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ प्रशिक्षक अंकित सिंह बिसेन, प्रशिक्षक मनीष योगी, डॉ. लखन त्रिवेदी एवं विक्रम जी का विशेष सहयोग रहा।
CM Madhya Pradesh
Ujjain Commissioner
Collector Office Ujjain Jansampark Madhya Pradesh
25 views | Umaria, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026