गया, 15 जुलाई 2026, राज्य सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के चौथे निश्चय ‘‘उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य’’ के तहत उच्च शिक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध कराने हेतु सतत प्रयास किया जा रहा है। आज दिनांक 15.07.2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी जी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ गया जिले में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा माननीय मंत्री कृषि विभाग बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री गया ज़िला, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ज़िला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, छात्र एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
गया जिले के 07 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इनमें मोहरा प्रखंड के उच्च विद्यालय सेवतर मोहरा डिग्री कॉलेज, कोच प्रखंड के गांधी प्लस टू उच्च विद्यालय कोच डिग्री कॉलेज, नीमचक बथानी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मई डिग्री कॉलेज, मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत प्रोजेक्ट प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय डिग्री कॉलेज, बांके बाजार प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सैफगंज डिग्री कॉलेज,
डुमरिया प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय शिवनगर डुमरिया डिग्री कॉलेज, अतरी प्रखंड के श्री जगदीश चंद्र उच्च विद्यालय टेटूआ डिग्री कॉलेज शामिल हैं। इन महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्नातक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना तथा प्रत्येक छात्र-छात्रा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध कराना है। नवस्थापित डिग्री कॉलेज न केवल शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, बल्कि स्थानीय युवाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास का भी मजबूत आधार बनेंगे। विभिन्न प्रखंडों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों की नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय एवं आर्थिक संसाधनों की बचत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का दायरा और अधिक विस्तृत होगा। अभिभावकों में भी इस निर्णय को लेकर उत्साह देखा गया है।
माननीय कृषि मंत्री बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री गया ज़िला श्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा मोहरा प्रखंड के उच्च विद्यालय सेवतर मोहरा डिग्री कॉलेज का फीता काट कर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर, अपर समाहर्ता आपदा, स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, स्थानीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department CMO Bihar Samrat Choudhary Bihar Agricultural Management & Extension Training Institute
56 views | Gaya, Bihar | Jul 15, 2026