कोलारस में 150 बीघा वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, 5 कब्जाधारियों पर कार्रवाई
शिवपुरी- जिले में वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को वन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कोलारस वन परिक्षेत्र की सनवारा बीट में कार्रवाई करते हुए लगभग 150 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह जमीन आरएफ कक्ष क्रमांक 127 और 129 में थी, जिस पर ग्राम बैड़ारी निवासी अनील जादौन, सुघर सिंह यादव, बादाम यादव, उत्तम यादव और रिंका यादव सहित अन्य लोगों ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। सक्षम प्राधिकारी के बेदखली आदेश के पालन में यह कार्रवाई की गई।
सामान्य वनमण्डल के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्राधिकारी कोलारस के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान रेंजर बदरवास, रेंजर शिवपुरी, नायब तहसीलदार तथा थाना तेंदुआ और रन्नौद का पुलिस बल भी मौजूद रहा। टीम ने 3 जेसीबी मशीन और 2 ट्रैक्टर की मदद से पूरे क्षेत्र को खाली कराया। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए मौके पर कंटूर ट्रेंच का निर्माण भी कराया गया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों को वन भूमि के संरक्षण के लिए जागरूक किया गया और विभाग ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
#Shivpuri #Kolaras #ForestDepartment #MPNews